महमूदाबाद (सीतापुर)। नगर पालिका महमूदाबाद की बोर्ड बैठक मंगलवार को संपन्न हुई। बैठक में सभासदों ने विकास कार्यों के ठप होने के चलते ईओ से जमकर नाराजगी जाहिर की। सभासदों का आरोप है कि विकास कार्य न होने से जनता परेशान है। आए दिन प्रशासनिक अधिकारी बदलते हैं, इस कारण कई कार्य प्रभावित होते हैं।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे नगर पालिकाध्यक्ष आमिर अराफत ने सभी सभासदों को जल्द कार्य कराए जाने का आश्वासन दिया है। वार्ड नूरपुर के सभासद सिराज ने कहा कि जीआईएस सर्वे कब तक लागू होगा इस पर विचार किया जाए। सुन्दौली सभासद सुनील मौर्य ने कहा कि राज्य वित्त का हिसाब सभासदों के समक्ष रखा जाए। जिस पर जिम्मेदारों की ओर से कि अगली बोर्ड बैठक में राज्य वित्त का विवरण दिए जाने की बात कही गई। सभासदों ने जलपान भी नहीं किया।
ईओ पवन किशोर ने आय-व्यय का विवरण देते हुए बताया कि माह दिसंबर तक नगर पालिका की कुल 14 करोड़ 39 लाख 92 हजार रुपए की आय हुई। वहीं एक करोड़ 43 लाख 83 हजार रुपये का व्यय हुआ। नगर पालिका अध्यक्ष आमिर अराफत ने सभासदों को समझाते हुए कहा कि सभी वार्डों में समान रूप से बिना किसी भेदभाव के काम कराया जा जाएगा।
इस दौरान वरिष्ठ लिपिक अकरम काजमी, अखिलेश कुमार, राजस्व निरीक्षक शिवांशी, सभासद संघ अध्यक्ष चक्र सुदर्शन पांडेय, उमेश वर्मा, आसिफ सईद, अय्यूब डंपी, अशोक कुमार, कमर अली, प्रेमचंद, मुन्नी देवी, राना राशिद, शीबा खातून आदि मौजूद रहे।