सीतापुर। जिले में कोरोना से रामकोट कस्बे के एक चिकित्सक की मौत हो गई। चिकित्सक कई दिनों से लखनऊ में अपना इलाज करा रहे थे। कोरोना से जिले में यह 42वीं मौत हुई है। जबकि 20 लोग संक्रमित हुए हैं।
रामकोट कस्बे के समाजसेवी व आयुर्वेदिक डॉ. कन्हैया लाल शुक्ला की तबियत खराब होने पर परिजनों ने लखनऊ मेडिकल कॉलेज में दिखाया था। वहां कराई गई कोविड की जांच में वह पॉजिटिव मिले थे। उनका इलाज मेडिकल कॉलेज में ही चल रहा था। रविवार को तबियत अधिक खराब हो गई थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पैतृक जमीन पर ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया है। जिले में लगातार पांचवें दिन यह मौत हुई है।
इसके अलावा बिसवां खुर्द, प्रेमनगर सिधौली, अंबिकापुरम आनंद नगर, शुक्लापट्टी कमलापुर, इमलिया सरैंया, गांधी नगर सिधौली, आंबी, कमलापुर, हेमपुरवा, रिहार सीतापुर, खांखी सरायं, आवास विकास, चौबेटोला, पताराकलां मिश्रिख, मुईयां खानपुर में पॉजिटिव केस आए है। सीएमओ डॉ. आलोक वर्मा ने बताया इन मरीजों को इलाज के लिए भर्ती करा दिया गया है।