सीतापुर। गोंदलामऊ ब्लॉक के कोथावां गांव में देवर-भाभी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। देर रात दोनों की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद हड़कंप मच गया। देवर-भाभी को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है।
गोंदलामऊ ब्लॉक के कोथावां गांव निवासी दो सगे भाई दिल्ली के रजौरी गार्डन इलाके के सुभाषनगर में इलेक्ट्रीशियन का काम करते हैं। दोनों एकसाथ रहते हैं। छोटा भाई 13 जून को, जबकि बड़ा भाई अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ 14 जून को बस से सिधौली पहुंचे थे, जहां से एक दिन के अंतराल में सभी लोग घर पहुंचे।
बताते हैं कि इनके आने की जानकारी आशा को हुई थी, इस पर 15 जून को सभी लोगों को गोंदलामऊ सीएचसी भेजा गया, जहां थर्मल स्क्रीनिंग के बाद छह लोगों को वापस घर भेज दिया गया। 17 जून को फिर से दोनों भाई और महिला को गोंदलामऊ सीएचसी बुलाया गया(
वहां तीनों का सैंपल लेकर कोरोना जांच के लिए भेजा गया। 19 जून की देर रात रिपोर्ट आई, जिसमें देवर-भाभी कोरोना पॉजिटिव पाए गए, जबकि पति की रिपोर्ट अभी लखनऊ में प्रतीक्षारत है। देवर-भाभी के संक्रमित होने की खबर से पुलिस-प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दोनों को घर से एल-1 अस्पताल खैराबाद में लाकर भर्ती कराया गया।
दो नए पॉजिटिव केस मिलने के साथ ही जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है। हालांकि, राहत की बात है कि अब तक 46 मरीज कोरोना मुक्त हो चुके हैं। अब एक्टिव केसाें की संख्या छह हो गई है। सीएमओ डॉ. आलोक वर्मा ने बताया कि गोंदलामऊ में कोरोना पॉजिटिव मिले देवर-भाभी दिल्ली से लौटे थे। रैंडम सैंपलिंग में दोनों संक्रमित मिले हैं। दोनाें को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पति की रिपोर्ट पर टिकी हैं निगाहें
कोरोना पॉजिटिव मिले देवर-भाभी के साथ ही महिला के पति का भी सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजा गया था, लेकिन रिपोर्ट अभी नहीं आ सकी है। अब अफसरों की निगाहें पति की रिपोर्ट पर टिकी हैं।
पॉजिटिव युवक ने खेला लूडो, दोस्त हुए क्वारंटीन
जो देवर-भाभी कोराना संक्रमित मिले हैं, उनमें से देवर ने गांव के कुछ दोस्तों के साथ लूडो खेला था। संक्रमित मिलने के बाद पूछताछ में युवक ने ये बात कुबूली। स्वास्थ्य विभाग ने उसके तीन दोस्तों को क्वारंटीन करा दिया है।
चार दिन तक घूमता रहा कोरोना संक्रमित, खतरा बढ़ा
कोथावां गांव में संक्रमित मिला युवक दिल्ली से आने के बाद चार दिन तक गांव में घूमता रहा। अब पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर गांव वालों की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। सूत्र बताते हैं कि 13 जून को आने के बाद 14 को वह गांव में घूमा और कई लोगों से मिला। 14 को उसके भाई-भाभी बच्चों के साथ दिल्ली से आए।
15 को सीएचसी पर स्क्रीनिंग कराने के बाद भी वह गांव में घूमता रहा। 16 व 17 जून को भी वह गांव के लोगों से मिला। 17 जून को सैंपल लेने के बाद होम क्वारंटीन किया गया, लेकिन तब तक वह गांव के कई लोगों से मिला होगा। ऐसे में खतरा काफी बढ़ गया है।
संक्रमितों के परिवार समेत 15 लोग क्वारंटीन
संक्रमित निकले देवर-भाभी के संपर्क में आए परिवार के लोगों समेत 15 लोगों को क्वारंटीन कराया गया है। सीएचसी अधीक्षक गाेंदलामऊ डॉ. धीरज मिश्र ने बताया कि संक्रमित युवक के मां-बाप, उसका भाई, उसकी पत्नी, छह माह का बच्चा, बड़े भाई के चार बच्चों समेत 15 लोगों को आश्रय स्थल में क्वारंटीन कराया गया है।