आंख अस्पताल में कोरोना की वैक्सीन लगाती स्वास्थ्य कर्मी। (संवाद)
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। जिले में कोरोना से अब लोग घबराने लगे हैं। संक्रमण बेकाबू हो रहा है। मरीजों के मिलने की संख्या से हर दिन कोरोना नया रिकॉर्ड बना रहा है, लेकिन गुरुवार को मिले मरीजों ने हर किसी को हैरान कर दिया है। गुरुवार को एक साथ मिले 167 नए मरीजों ने 2020 का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इतनी संख्या में मरीजों के मिलने के बाद जिला प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग और लोगों में भी दहशत का माहौल है। कोरोना पॉजिटिव एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। अब जिले में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 815 पहुंच गई है।
कोरोना की दूसरी लहर भयावह होती जा रही है। कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने के साथ ही संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। हालात ये है कि जिले में पिछले कई दिनों से कोरोना से किसी न किसी की मौत हो रही है। संक्रमित मिलने वाले मरीजों का आंकड़ा तो हर दिन नया रिकॉर्ड बना रहा है, लेकिन गुरुवार को मिले मरीजों से कोरोना के सारे रिकार्ड टूट गए हैं।
पिछले साल यानी 2020 का भी इस साल रिकार्ड टूट गया है। एसीएमओ डॉ. पीके सिंह का कहना है कि वर्ष 2020 में 140 से 150 के आसपास ही मरीज एक दिन में मिले थे, लेकिन गुुरुवार को मिलने वाले मरीजों से कोरोना ने जिले में नया रिकॉर्ड बना दिया है। देर रात एक मौत भी हो गई है।