सीतापुर। जिले में कोरोना वायरस अब बेकाबू होता दिख रहा है। वायरस से मौतों का सिलसिला तेज हो गया है। शुक्रवार को लगातार चौथे दिन जिले में कोरोना से रिकॉर्ड चार मौतें हुई हैं। हालांकि एक की मौत जिला अस्पताल में होने की बात सामने आई है। जबकि तीन अन्य मरीजों की मौत की जानकारी कोरोना के पोर्टल पर अपलोड हुई है।
महोली इलाके के गुजवा गांव निवासी गुड्डू यादव (45) कई दिन पूर्व कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इलाज के लिए जिला अस्पताल के एल-2 वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां पर शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। इसके अलावा तीन और मरीजों की मौत पोर्टल पर अपलोड की गई है।
गुरुवार तक 19 मौतें थी, लेकिन शुक्रवार की देर शाम पोर्टल पर 23 मौतों की जानकारी अपलोड की गई है। सीएमओ डॉ. आलोक वर्मा जिला अस्पताल में कोरोना से हुई मौतों की पुष्टि की है। एल-2 में हुई मौत की जानकारी दी है, जबकि तीन अन्य मौतों के बारे में बताया कि इन मामलों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।