लहरपुर (सीतापुर)। नगर में सफाई व्यवस्था चाक चौबंद बनाने को 12 वार्डों में डोर टू डोर सफाई व्यवस्था के साथ कूड़ा निस्तारण का कार्य ठेका व्यवस्था के तहत संचालित होगा। इस आशय के प्रस्ताव पर सोमवार को आयोजित नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में सहमति बनी है।
इसके साथ ही परिषद सभागार में हुई बोर्ड बैठक में चालू वित्तीय वर्ष के लिए 25 करोड़ 62 लाख की राशि का बजट भी सभी की सहमति से पारित हो गया। इस बजट में आय के सापेक्ष 22 करोड़ 79 लाख का व्यय दिखाया गया।
नगर पालिका परिषद चेयरमैन जासमीर अंसारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में वित्तीय वर्ष 2021-22 के बजट प्रस्तावों को लेकर हुई चर्चा के बाद वर्ष 2021- 22 में सभी मदों से होने वाली आय अवशेष सहित 25 करोड़ 62 लाख 38 हजार के सापेक्ष 22 करोड़ 79 लाख 45 हजार का व्यय का अनुमानित बजट पेश किया गया। इसको सभी सदस्यों ने ध्वनि मत से पारित कर पास कर दिया।
एक अन्य प्रस्ताव में रमजान शरीफ के महीने में सफाई उपकरण व प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने को लेकर नए उपकरण खरीदने व मरम्मत कराने का प्रस्ताव रखा गया। पालिका अध्यक्ष द्वारा रमजान व नवरात्रि के अवसर पर नगर के मंदिरों व मस्जिदों में चूना छिड़कवाने के साथ साफ सफाई चुस्त दुरुस्त रखने का निर्देश भी दिया गया।