सीतापुर। जिले में रोजाना हो रही बिजली कटौती से मुसीबत बढ़ गई है। शहर सहित ग्रामीण इलाके में रविवार को चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। लंबी कटौती से उपभोक्ता काफी परेशान दिखे। बिजली न आने से कई इलाकों में पानी का संकट गहरा गया। दोपहर बाद आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
शहर के भवानीपुर व पुराने सीतापुर उपकेंद्र से जुड़े मोहल्लों में बिजली की आवाजाही बनी रही। दोपहर 12 बजे गुल हुई बिजली करीब तीन बजे बहाल हो पाई। उसके बाद ट्रिपिंग का सिलसिला चलता रहा। दोपहर के समय बिजली न आने से घरों में पेयजल संकट नजर आया। निजी हैंडपंप के जरिये लोगों ने पानी की जरूरतें पूरी कीं।
इसी तरह रामपुर मथुरा इलाके के बांसुरा उपकेंद्र में फॉल्ट आ गया। इससे करीब 200 गांवों की चार घंटे बिजली गुल रही। इससे कारोबार प्रभावित हुआ। पिसावां व सिधौली इलाके में फॉल्ट के चलते चार घंटे आपूर्ति ठप रही। उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत अफसरों से दर्ज करवाई। उसके बाद टीमों ने पहुंचकर मरम्मत का काम प्रारंभ किया।