पिसावां (सीतापुर)। गर्मी में दिन पर दिन बदहाल होती जा रही बिजली व्यवस्था से अब लोगों के सब्र का बांध टूटने लगा है। गर्मी में विद्युत कटौती से परेशान होकर ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र पिसावां का घेराव किया, करीब एक घंटे तक जमकर नारेबाजी की। उसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराया। अफसरों ने रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति करने का आश्वासन दिया।
पिसावां इलाके में कई दिनों से अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। शुक्रवार दोपहर में बिजली जाने के बाद शाम छह बजे तक आपूर्ति बहाल हुई। लेकिन लो वोल्टेज व ट्रिपिंग के चलते बिजली लुकाछिपी का खेल करती रही। रात 11 बजे बारिश होते ही बिजली फिर गायब हो गई। जिसके बाद शनिवार सुबह सात बजे बीस मिनट बिजली रुकने के बाद फिर गायब हो गई, शनिवार पूरे दिन आपूर्ति बाधित रही।
इससे आक्रोशित होकर तमाम लोगों ने विद्युत उपकेंद्र पर जमकर हंगामा काटना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। अवर अभियंता लक्ष्मीनारायण ने बताया यह समस्या ओवर लोडिंग के चलते हो रही है। अधिकारियों से बात चल रही है बहुत ही जल्द स्थिति सामान्य हो जाएगी। (संवाद)