सीतापुर। संदना के रालामऊ गांव में शनिवार को वन रक्षक ऋषभ तोमर पहुंचे। वह सियार के हमले में घायल हुए लोगों से मिले। उन्होंने सीताराम का हालचाल जाना और घटना की पूरी जानकारी ली।
गांव में शुक्रवार को खेत में काम करते समय सियार ने सीताराम, फूलमती और रामजीवन पर हमला कर दिया था। इसमें सीताराम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके सिर और चेहरे पर गहरे घाव हुए हैं। उनका इलाज सीतापुर आंख अस्पताल में चल रहा है। शनिवार को अमर उजाला में सियार के हमले में की खबर प्रकाशित होने के बाद वन विभाग हरकत में आया।
इसके बाद विभागीय टीम गांव पहुंची और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी जुटाई। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में सियारों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे खेतों में काम करने जाने वाले किसानों में भय का माहौल है। आरोप लगाया कि वन विभाग के वन रक्षक गांव आए और औपचारिकता पूरी कर लौट गए। वनरक्षक ऋषभ तोमर ने बताया कि गांव जाकर घायलों से मिला हूं। वन विभाग की ओर से जो भी राहत संबंधी कार्यवाही संभव होगी, वह की जाएगी। गांव में गश्त कराई जाएगी।