सीतापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार कोे जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने सड़क निर्माण के लिए चल रही परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान बहुगुणा चौराहे पर लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड और विद्युत विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से सर्वे कराते हुए कार्य पूरे कराने के निर्देश दिए। सर्वे के लिए टीम का गठन हो गया है।
नई सड़कों के निर्माण कार्यों, सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के कार्यों, पुलों के निर्माण कार्यों, सड़कों के अनुरक्षण कार्यों संग अन्य कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। डीएम ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को जोड़ने वाले मार्गों का प्राथमिकता के आधार अनुरक्षण कराया जाए और रेनकटों को पेट्रोलिंग कराकर ठीक कराया जाए।
निर्माणाधीन पुलों के कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कहा कि जिन पुलों में एप्रोच रोड अभी तक नहीं बनी हैं, उनमें तत्काल एप्रोच रोड बनवाई जाए। मुहर्रम व कांवड़ यात्रा से जुड़े मार्गों को तत्काल ठीक कराएं। जिलाधिकारी ने कहा कि जो काम शुरू नहीं हो पाए हैं, उनको निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए शीघ्र शुरू कराया जाए। निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए।