सीतापुर। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों की सुविधा के लिए सामुदायिक केंद्र बनाए जाएंगे। इसके लिए पीएम खनिज क्षेत्र कल्याण योजना से धनराशि खर्च की जाएगी। यह निर्देश डीएम ने दिए हैं।
जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में खनन विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हए निर्देश दिये कि प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के अंतर्गत जिला खनिज न्यास की धनराशि से बाढ़ प्रभावित तहसीलों लहरपुर, बिसवां एवं महमूदाबाद में स्थलों का चयन करते हुए एक-एक सामुदायिक केंद्र बनाने का प्रस्ताव तैयार कराया जाए।
उन्होंने कहा कि इस बहुउद्देशीय सामुदायिक केंद्र में पेयजल, समर्सिबल, विद्युत, शेड आदि की व्यवस्था कराई जाएगी तथा बाढ़ के दौरान इसमें आश्रय लिया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त अन्य अवसरों पर भी इस उपयोग किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इसके लिये बड़े क्षेत्रफल वाले स्थल चयनित किये जाएं, जिससे पशुओं को बांधने के लिए भी जगह रहे। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बहुउद्देशीय सामुदायिक केंद्र से ग्रामीणों को राहत मिलेगी।