महोली कोतवाली में असलहा फैक्टरी चलाने वाले आरोपी पुलिस की गिरफ्त में।
- फोटो : SITAPUR
महोली (सीतापुर)। कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के सहेती नगर जंगल के पास दबिश देकर अवैध असलहा बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ कर दो शातिरों को धर दबोचा। इनके पास से अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण, बड़ी संख्या में निर्मित व अर्ध निर्मित असलहा, कारतूस आदि बरामद हुए हैं। पकड़े गए दोनों आरोपी अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री संचालित करते थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल रवाना कर दिया है।
महोली कोतवाल राजेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस टीम ने क्षेत्र के सहेती नगर जंगल में दबिश दी। वहां से पुलिस ने महोली कोतवाली क्षेत्र के रुस्तमनगर निवासी लोटन व खीरी जिले के मैगलगंज थाना क्षेत्र के बरैया फार्म निवासी शेर सिंह उर्फ शेरू को धर दबोचा।
यह दोनों आरोपी अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री का संचालन कर रहे थे। इनके कब्जे से निर्मित व अर्ध निर्मित चार देसी बंदूक, चार तमंचे व तीन कारतूस बरामद किए। साथ ही इन लोगों के पास से असलहा बनाने के उपकरण भी बरामद किए हैं। उनका कहना है कि अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ करने वाली पुलिस टीम में उनके अलावा इंस्पेक्टर मुस्तकीम अहमद, दरोगा राकेश सिंह व हवलदार सिंह, आरक्षी मोहम्मद नसीम, नर्वदेश्वर तिवारी, हरेंद्र कुमार, आशीष कुमार, कपिल कुमार शामिल थे। पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।