सीतापुर। दिमागी बुखार एवं अन्य संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान पहली मार्च से 31 मार्च तक चलेगा। इसको लेकर शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। आशा बहुएं घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग व 12 अन्य विभाग नगर विकास, ग्राम्य विकास, बाल विकास एवं पुष्टाहार, कृषि, पशुपालन, दिव्यांग कल्याण, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, सिंचाई, पंचायतीराज, वाणिज्यकर, सूचना एवं जनसंपर्क के साथ समन्वय स्थापित कर दिमागी बुखार व संचारी रोग पर प्रभावी नियंत्रण व क्षय उन्मूलन के लिए एक साथ मिलकर अभियान चलाएंगे।
अभियान को सफल बनाने की तैयारी स्वास्थ्य विभाग ने शुरू कर दी है। इस अभियान को सफल बनाने में एएनएम, आशा बहू और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान है और उनका मार्च के पहले सप्ताह में संवेदीकरण किया जाएगा।
उन्हें मातृ समूह की बैठक का आयोजन समय-समय पर स्कूलों का भ्रमण और शिक्षकों को बच्चों में जागरूकता बढ़ाने में मदद करना, दिमागी बुखार पर स्वयं सहायता समूहों की बैठक करना, मातृ बैठकों का आयोजन करना, ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समिति की बैठकों का आयोजन करना व पानी साफ करने के लिए क्लोरीनेशन का डेमो आयोजित करना आदि विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव व मच्छर पर वार के बारे में लोगों को जागरूक करेंगी। मास्टर ट्रेनर जिला एपिडेमियोलोजिस्ट डॉ. विवेक सचान ने पॉवर प्रेजेंटेशन के माध्यम से संचारी अभियान की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी राजकुमार, सभी सीएचसी से दो चिकित्सा अधिकारी, सभी ब्लॉकों के स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी और ब्लॉक समुदाय प्रक्रिया प्रबंधक मौजूद रहे।