सीतापुर। डीआईओएस को शिकायती पत्र भेजकर कंदुनी के मुन्ना लाल शारदा देवी इंटर कॉलेज के प्रबंधक पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। प्रबंधक पर अपने पुत्र को प्रधानाचार्य नियुक्त करने व भूमि विवाद का आरोप लगाते हुए कॉलेज की मान्यता निरस्त किए जाने की मांग की गई है। बिसवां के कंदुनी गांव के मूल निवासी प्रेम किशोर मिश्र लखनऊ के जानकीपुरम में रहते हैं। उन्होंने डीआईओएस को शिकायती पत्र भेजा है। इसमें बताया कि जिस भूमि के गाटा संख्या पर कॉलेज का भवन स्थित है, वह विवादित जमीन है। राजस्व अभिलेखों में कृषि भूमि दर्ज है। बिसवां एसडीएम के न्यायालय में प्रकरण विचाराधीन है। भूमि का स्वामित्व निर्धारण न होने के बाद भी निर्माण कराना विधि विरुद्ध है।
आरोप है कि गलत जानकारी देकर कॉलेज की मान्यता प्राप्त की गई है। कॉलेज के प्रबंधक सतीश चंद्र ने अपने पुत्र रचित जायसवाल उर्फ शिवम को प्रधानाचार्य नियुक्त कर दिया है। डीआईओएस राजेंद्र सिंह ने बताया कि अगर ऐसा है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)