जिला अस्पताल में शनिवार को ट्राॅमा सेंटर के संचालन की तैयारियों का जायजा लेते सीएमओ डॉ. संजय कु
अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में ट्राॅमा सेंटर के संचालन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शनिवार को सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल ने ट्रॉमा सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने अस्पताल के मैनेजर डॉ. हर्षित गुप्ता को सेंटर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए।
जिला अस्पताल परिसर में चार वर्ष पहले ट्राॅमा सेंटर का भवन बना था लेकिन इसका संचालन नहीं हो पाया था। इसके कारण दुर्घटनाग्रस्त गंभीर मरीजों को लखनऊ व अन्य स्थानों पर रेफर कर दिया जाता था। स्थानीय स्तर पर इसके संचालन के लिए कई बार आवाज उठाई गई। इसके बाद जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की पहल पर ट्रॉमा सेंटर के संचालन पर सहमति बन सकी। अब सोमवार से ट्रॉमा सेंटर शुरू करने की तैयारी है। सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल ने बताया कि संयुक्त जिला चिकित्सालय में नवनिर्मित ट्राॅमा सेंटर का भवन बनकर तैयार हो गया है। यहां पर चिकित्सा अधिकारियों स्टॉफ नर्स, पैरामेडिकल स्टॉफ व सफाई कर्मियों की ड्यूटी रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय वर्मा, अस्पताल मैनेजर हर्षित गुप्ता, प्रभारी सीएमएस डॉ. पुरेंद्र व प्रकाश आदि मौजूद रहे।