लहरपुर (सीतापुर)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने शुक्रवार को सीएचसी प्रांगण में नवनिर्मित ब्लाॅक पब्लिक हेल्थ यूनिट का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अब मरीजों को सारी जांच सुविधाएं एक ही छत के नीचे निशुल्क उपलब्ध होंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण भी किया। उन्होंने ओटी रूम, शिशु देखभाल कक्ष, लेबर रूम, केएमसी वार्ड, पीएनसी वार्ड, कोल्ड चैन वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, डेंटल केयर वार्ड, इमरजेंसी कक्ष, ओपीडी रजिस्टर के साथ उपस्थिति पंजिका और विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया। सीएमओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था देख प्रसन्नता व्यक्त की और अस्पताल को हरा-भरा बनाने के निर्देश दिए।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद बाजपेई ने बताया कि नए पैथोलॉजी भवन के बन जाने से अब स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की जांच अत्याधुनिक मशीनों से की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अब सभी मरीजों की मलेरिया जांच आवश्यक रूप से की जाएगी। इस मौके पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सभी चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।