सीतापुर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय व परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को उनके अधिकार व कर्तव्यों की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए विद्यालय स्तर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम 18 से 25 नवंबर के बीच होंगे। इसको लेकर बीएसए ने सभी बीईओ को कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
यूनिसेफ के सहयोग से पावर एंजिल और बाल संसद के नेतृत्व में प्रत्येक बच्चे के लिए समानता और समावेशन थीम पर आधारित हर बच्चे के लिए हर अधिकार कैंपेन का आयोजन होगा। इस कैंपेन के अंतर्गत प्रत्येक दिवस प्रत्येक विद्यालय और केजीबीवी में अलग-अलग गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा मीडिया कैंपेन करते हुए वृहद स्तर पर प्रचार प्रसार भी होगा। इन गतिविधियों में राज्य व केंद्र सरकार द्वारा बच्चों के लिए बनाए गए कानून की जानकारी दी जाएगी। इनके लाभ बताए जाएंगे।
मनोरंजन के साथ सीखें बाल अधिकार विषय पर प्रश्रोत्तरी, कहानी, कविता, वाद-विवाद, विज्ञान परियोजना, हस्तशिल्प, गीत, नृत्य, नाटक आदि कार्यक्रम होंगे। माता-पिता और समुदाय के लिए बच्चों द्वारा बनाई गई पेटिंग/शिल्प की प्रदर्शनी, बाल मेला/बाल अधिकार उत्सव-सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन, कैरियर पोर्टल, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श व साइबर सुरक्षा की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा। डीसी बालिका शिक्षा शैलेश गुप्ता ने बताया सभी वार्डन को निर्देशित कर दिया गया है।
शिड्यूल के मुताबिक होंगे कार्यक्रम
निर्धारित शिड्यूल के मुताबिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रधानाध्यापकों को इसके लिए निर्देशित कर दिया गया है।
अखिलेश प्रताप सिंह, बीएसए