सीतापुर। निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत इस बार 6172 सीटों पर नौनिहालों को प्रवेश मिलेगा। आवेदन प्रक्रिया के पहले दिन सोमवार को करीब 700 नौनिहालों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। इन बच्चों की 18 फरवरी को लॉटरी निकलेगी। इसके बाद इन्हें विद्यालयों में प्रवेश दिया जाएगा।
इस अधिनियम के तहत काॅन्वेंट स्कूलों को कक्षा एक व पूर्व प्राथमिक कक्षा की 25 फीसद सीटों पर नौनिहालों को निशुल्क दाखिला देना होता है। इन बच्चों की फीस की भरपाई सरकार करती है। इस बार जिले को 6172 सीटों पर नौनिहालों को दाखिला देने का लक्ष्य दिया गया है। यह 1200 विद्यालयों में दाखिला मिलेगा। तीन चरणों में प्रवेश प्रकिया पूरी की जाएगी। पहले चरण की प्रक्रिया सोमवार से प्रारंभ हो गई है। यह 16 फरवरी तक चलेगी। 18 फरवरी को पहले चरण की लाटरी निकलेगी। 20 फरवरी तक बीएसए नौनिहालों का दाखिला कराएंगे। ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन करने के बाद अभिलेखों की एक कॉपी बीआरसी पर जमा करनी होगी।
पिछले साल 980 नौनिहालों को मिला था दाखिला
इस अधिनियम के तहत पिछले साल करीब 980 नौनिहालों को निशुल्क दाखिला मिला था। वह अपने विद्यालय में कक्षा आठ तक निशुल्क शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। जबकि करीब तीन हजार सीटें खाली रह गई थी। इसके पीछे कारण यह था अभिभावकों को अपने मनपसंद का विद्यालय नहीं मिल पाया था। इसी वजह से उन्होंने आंवटित विद्यालय में बच्चों का दाखिला नहीं करवाया था।
यह रहेगी दूसरे चरण की प्रक्रिया
इस अधिनियम के तहत दूसरा चरण 21 फरवरी से प्रारंभ होगा। यह सात मार्च तक चलेगा। 9 मार्च को लॉटरी निकलेंगी। 11 मार्च तक बीएसए दाखिल करवाएंगे। इसी तरह तृतीय चरण 12 मार्च से प्रारंभ होगा। यह 25 मार्च तक चलेगा। 27 मार्च का लॉटरी निकलेंगी। 29 मार्च तक दाखिला होगा।
वार्ड व ग्राम पंचायत में होगा आवेदन
इसके तहत अभिभावकों को अपने ग्राम पंचायत व वार्ड में ही आवेदन करना होगा। अभिभावक उस वार्ड के अधिकतम 10 विद्यालयों का विकल्प दे सकते है। इन विकल्पों के आधार पर ही विद्यालय आंवटन होगा। एक चरण में केवल एक बार ही आवेदन किया जा सकेगा। अगर उस चरण में दाखिला नहीं मिलता है तभी अगले चरण में आवेदन किया जा सकेगा।
यह रहेगी आयु सीमा
नर्सरी में प्रवेश के लिए आयु सीमा तीन वर्ष व चार साल से कम होनी चाहिए। एलकेजी में प्रवेश के चार वर्ष से अधिक व पांच साल से कम होनी चाहिए। यूकेजी में प्रवेश के लिए पांच वर्ष व छह साल से कम होनी चाहिए। कक्षा एक में प्रवेश के लिए छह साल से अधिक व सात साल से कम होनी चाहिए।
शुरू हो गई है प्रक्रिया
आरटीई के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभिभावक निर्धारित प्रपत्र लगाकर ही ऑनलाइन आवेदन करें। जिससे अभिलेखों के अभाव में किसी भी बच्चे का आवेदन निरस्त न हो सकें।
अखिलेश प्रताप सिंह, बीएसए