सांडा। विकास क्षेत्र सकरन के पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय किरतापुर कंपोजिट में विद्यार्थियों के लिए आधुनिक व सुव्यवस्थित गणित व विज्ञान प्रयोगशाला का निर्माण किया गया है। इससे विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ ही प्रयोग करने की भी बेहतर सुविधा मिल रही है।
प्रयोगशाला में विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न वैज्ञानिक उपकरण एवं गणितीय शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई गई है। विशेष बात यह है कि विद्यालय को आईआईटी गांधीनगर (गुजरात) से भी विज्ञान प्रयोगशाला किट प्राप्त हुई है, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक वैज्ञानिक गतिविधियों से जोड़ने में सहायता मिलेगी।
विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक ओमकार पांडेय ने बताया कि इस प्रयोगशाला में छात्र-छात्राएं केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि स्वयं प्रयोग करके विज्ञान व गणित के सिद्धांतों को समझ सकेंगे।
यहां भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान व सामान्य विज्ञान से जुड़े अनेक सरल व उपयोगी प्रयोगों के साथ-साथ गणितीय अवधारणाओं को मॉडल व उपकरणों के माध्यम से व्यावहारिक रूप में सीखने की व्यवस्था की गई है। इस प्रयोगशाला को तैयार कराने में विद्यालय के शिक्षक आनंद वर्मा का विशेष योगदान है।
बीईओ सुरेंद्र नाथ ने कहा कि प्रयोग आधारित शिक्षा विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तार्किक सोच, समस्या समाधान क्षमता व नवाचार की भावना का विकास करती है। गणित एवं विज्ञान विषयों को रोचक बनाने के लिए समय-समय पर प्रयोगशाला में गतिविधियों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण वैज्ञानिक शिक्षा का अवसर मिलेगा। वे भविष्य में विज्ञान व तकनीकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकेंगे।
प्रयोगशाला का निर्माण कराए जाने की विद्यालय के शिक्षक मोहम्मद हारून, आनंद वर्मा, राधा कृष्ण दीक्षित, आफताब आलम, अर्चना यादव, अरविंद, पतिराम व राजकुमार आदि ने सराहना की है।