रामगढ़ (सीतापुर)। गोंदलामऊ विकासखंड में बुखार का प्रकोप जारी है। बुखार ने फिर एक बच्चे की जान ले ली। वह एक हफ्ते से बुखार से पीड़ित था। परिजन हालत गंभीर होने पर सीएचसी ले जा रहे थे। तभी रास्ते में मौत हो गई। बुखार से मरने वालों की संख्या 45 पहुंच गई है।
गोंदलामऊ विकासखंड के जमुनापुर निवासी रामसागर का आठ वर्षीय पुत्र लकी को एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। परिजनों ने पहले प्राइवेट क्लीनिक में इलाज कराया। फायदा न हुआ तो सीएचसी ले जाने की तैयारी कर रहे थे। तभी रास्ते में मौत हो गई।
सीएचसी गोंदलामऊ की स्वास्थ्य टीम बबुरीखेरा गांव पहुंची। टीम ने कैम्प लगाकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। सात मरीज के ब्लॅड सैंपल लिए। जांच में दो मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। दो महीने में बुखार से जिले में 45वीं मौत हुई है।