लहरपुर। झोलाछाप के इंजेक्शन लगाने से बुखार से परेशान बालक की हालत और बिगड़ गई। लखीमपुर में इलाज के दौरान बुधवार को बालक की मौत हो गई। जिलाधिकारी ने पूरे मामले की जांच करवाई। इसमें झोलाछाप दोषी निकला। इस पर झोलाछाप के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी झोलाछाप अनुराग को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्राम लच्छन नगर निवासी अनुराग (5) बुखार से परेशान था। पिता पंकज मंगलवार देर शाम सीतापुर मार्ग स्थित कौशल की क्लीनिक पर दवा लेने गए थे। यहां पर कौशल ने अनुराग को इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगाने के कुछ ही देर बाद बालक की हालत और बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए लखीमपुर ले गए। बुधवार को उसकी मौत हो गई। झोलाछाप के इलाज से बालक की मौत की खबर प्रकाशित होने के बाद जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लिया।
उन्होंने सीएचसी अधीक्षक से जांच करवाई। इसमें पूरा मामला सही निकला। डीएम ने एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश दिए। बृहस्पतिवार देर रात एसडीएम आकांक्षा गौतम व सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद वाजपेयी ने पीड़ित के घर जाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने झोलाछाप कौशल के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि शुक्रवार को आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है।