गुरुवार सुबह पंपिंग सेट के चक्के में फंसकर एक बालक का सिर धड़ से अलग हो गया। हादसे के समय वह पानी पी रहा था। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसी निवासी मुस्ताक ने खेत में घुइयां बो रखी है। गुरुवार सुबह वह परिवार के साथ खेत की सिंचाई करने गया था।
इसी बीच उसका पुत्र इशरार (12) पानी पीने के लिए पंपिंग सेट के करीब पहुंच गया। बालक के गले में गमछा पड़ा हुआ था। वह जैसे ही पानी पीने के लिए झुका, गले में पड़ा गमछा पंपिंग सेट के चक्के में फंस गया। परिवार के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। एक झटके में ही किशोर का सिर चक्के के साथ राउंड करता हुआ कटकर धड़ से दूर जा गिरा।
हादसा इतना भयावह था कि परिवार के सदस्य वहां पर खून देखकर गश खाकर खेत में ही गिर गए। निकट के खेतों में काम कर रहे अन्य किसानों ने दौड़कर किसी तरह पंपिंग सेट बंद किया लेकिन तब तक बालक की मौत हो चुकी थी। पिता मुस्ताक का रो रो कर बुरा हाल था। उसकी नजरों के सामने ही पुत्र का सिर धड़ से अलग हो गया।