थानगांव थाना क्षेत्र में डायरिया की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत हो गई। जबकि गांव के छह से अधिक बच्चे बीमार पड़े हैं। उधर, महोली विकास खंड क्षेत्र के इटौवा वन में खसरा फैल गया है जिससे करीब 12 बच्चे बीमार हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी गांव में टीम भेजने की बात कह रहे हैं।
थानगांव के ग्राम मंगल पुरवा निवासी संजय का पुत्र छोटू (7 माह) बीमार हो गया। पहले उसे उल्टियां हुईं, जिसके बाद उसे दस्त आने लगे। परिवार ने क्षेत्र के ही प्राइवेट चिकित्सक को दिखाया, जहां पर चिकित्सकों ने डायरिया की पुष्टि की। परिवार ने निजी चिकित्सकों से इलाज शुरू करा दिया लेकिन मंगलवार सुबह छोटू ने दम तोड़ दिया।
मंगलपुरवा गांव के ही पंकज के पुत्र राजू समेत छह से अधिक बच्चे बीमार पड़े हैं। एक बच्चे की मौत के बाद अब गांव में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं महोली विकास खंड क्षेत्र के ग्राम इटौवा वन में खसरा फैला हुआ है। गांव के संजय की पुत्री सरिता, कोमल, जगमोहन के पुत्र पंकज, कमलेश की पुत्री बौआ, रामजीवन का पुत्र सत्यम, कैलाश की पुत्री बिट्टो समेत करीब 12 बच्चे बीमार पड़े हैं।
इन सभी के शरीर पर दाने पड़े हुए हैं। वहीं बच्चों को बुखार आ रहा है। परिवार के सदस्यों का कहना है कि बच्चों का इलाज प्राइवेट चिकित्सकों से कराया जा रहा है। चिकित्सक खसरे की पुष्टि कर रहे हैं। पर राहत नहीं मिल रही है। संक्रामक रोग फैलने से डर से अभिभावक अपने बच्चों की सेहत को लेकर डरे हुए हैं। उधर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इन गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें भेजी गई हैं, जो बच्चों का इलाज करेगी।
गांव भेजी र्गई टीमें
मंगल पुरवा व इटौवा वन गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें भेजी गईं हैं। गांव में कितने मरीज हैं इसकी जांच की जाएगी। सभी को इलाज मुहैया कराया जाएगा।
डॉ. हरगोविंद सिंह, सीएमओ