सीतापुर। जिलाधिकारी ने जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक की समीक्षा में टीकाकरण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई है। बैठक में टीकाकरण की खराब प्रगति पर सीएचसी अधीक्षक सांडा को चेतावनी जारी करते हुए जवाब तलब किया गया है। डीएम ने पहला ब्लॉक के एकाउंट मैनेजर का वेतन रोकने व बैठक में न आने पर बिसवां अर्बन चिकित्साधिकारी के मानदेय में कटौती का निर्देश भी दिया।
डीएम अभिषेक आनंद ने निर्देश दिया कि शासन की मंशा के अनुसार जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए डैशबोर्ड रैकिंग नियमित रूप से देखकर इसमें सुधार सुनिश्चित करें। उन्होंने खराब प्रगति पर पहला में तैनात अतिरिक्त प्रभार महमूदाबाद ब्लॉक एकाउंट मैनेजर का वेतन रोकने के साथ टीकाकरण में खराब प्रगति पर प्रभारी चिकित्साधिकारी सांडा से जवाब तलब करने का निर्देश दिया।
कहा कि गर्भवती महिलाओं को ई-रूपी वाउचर के माध्यम से निशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही टीकाकरण से छूटे बच्चों को चिन्हित करते हुए विशेष सत्र आयोजित कराकर टीकाकरण सुनिश्चित कराया जाए। बैठक में बिसवां अर्बन के चिकित्साधिकारी को बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाने पर एक दिन का मानदेय काटने का निर्देश भी दिया।