सीतापुर। परसेंडी सीएचसी के अधीक्षक पर एएनएम ने आशा कार्यकर्ता का पक्ष लेने और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। एएनएम सौम्या त्रिवेदी ने सीएमओ से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। सीएमओ ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
एएनएम ने बताया कि वह शादीपुर उपकेंद्र पर तैनात हैं। उपकेंद्र से जुड़े चार आशा कार्यकर्ता और 10 गांव हैं। आरोप है कि आशा मिथिलेश क्षेत्र से संबंधित जानकारी उपलब्ध नहीं कराती हैं, जिससे काम करने में परेशानी होती है। इसकी शिकायत अधीक्षक और बीसीपीएम से की गई तो उन्हें ही फटकार लगाई गई।
सौम्या के अनुसार, 30 जुलाई को डीआईओ के सामने भी समस्या रखी थी। इसके बाद अधीक्षक और बीसीपीएम ने बुलाकर शिकायत करने पर नौकरी करना सिखाने की बात कही। आरोप है कि एक अगस्त को महसिंहपुर में टीकाकरण के दौरान आशा कमलेश मिश्रा अपने बेटे के साथ पहुंचीं। बेटे ने अभद्रता करते हुए देख लेने की धमकी दी।
एएनएम ने बताया कि चार अगस्त को उसने फिर अधीक्षक से शिकायत की। आरोप है कि बैठक के दौरान अधीक्षक ने कर्मचारियों के सामने उसे फटकार कर वहां से जाने को कहा। कर्मचारियों ने इसका विरोध भी किया, लेकिन अधीक्षक नाराज रहे। एएनएम ने कहा कि लगातार घटनाओं से वह मानसिक रूप से परेशान हैं।
काम को लेकर डांट लगाई थी
सीएचसी अधीक्षक डॉ. दीपक यादव ने बताया कि बैठक में काम ठीक से करने के लिए एएनएम को डांट लगाई थी। आशा कार्यकर्ता ने भी एएनएम के खिलाफ शिकायत की थी। उन्होंने मानसिक उत्पीड़न के आरोपों को बेबुनियाद बताया।
आरोपों की होगी जांच
एएनएम के आरोप गंभीर है। इस मामले की गहनता से जांच करवाई जाएगी। जांच में जो भी दोषी मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
- डॉ. सुखरंजन समद्दर, सीएमओ