सीतापुर। शहर का चौधरी टोला मोहल्ला अब हॉटस्पॉट से मुक्त हो गया है। यहां मिले मरीज के कोरोना मुक्त होने के बाद प्रशासन ने गुरुवार से सील की कार्रवाई खत्म करते हुए आवाजाही पर लगी रोक हटा दी है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया का कर्मचारी 16 जून को दिल्ली से अपने घर शहर के चौधरी टोला आया था। लखनऊ जाकर उसने प्राइवेट लैब में जांच कराई थी। 18 जून को आई रिपोर्ट में उसके कोरोना पॉजिटिव मिलने पर प्रशासन ने चौधरी टोला को हॉटस्पॉट घोषित कर 250 मीटर का एरिया सील कर दिया था।
इलाज के बाद मरीज ठीक होकर घर पहुंच गया है। तय मियाद के भीतर कोई नया केस नहीं मिलने के बाद गुरुवार को डीएम ने इलाके को हॉटस्पॉट से मुक्त कर दिया। डीएम अखिलेश तिवारी ने बताया कि चौधरी टोला अब हॉटस्पॉट नहीं है। कोरोना प्रोटोकाल के नए आदेशों के तहत ये फैसला लिया गया है।
पुलिस की सख्ती हटा ली गई है। हालांकि, डीएम का कहना है कि अनलॉक-2 के नियम प्रभावी रहेंगे। सोशल डिस्टेसिंग और मास्क के नियमों का पालन करना सभी के लिए जरूरी है। इसका उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।