प्रशासन की लापरवाही से पंचायत चुनाव की मतगणना में डीडीसी के परिणाम सोमवार देर रात तक घोषित नहीं हो सके। इस वजह से सदर तहसील में विजयी प्रत्याशी व उनके समर्थक इधर-उधर भटकते नजर आए।
उधर, परिणाम की घोषणा को लेकर अफसर जद्दोजहद में थे। मालूम हो कि आयोग के निर्देशों के तहत डीडीसी के परिणाम जिला मुख्यालय से डीएम व प्रेक्षक की अनुमति के बाद ही घोषित करने के निर्देशों के तहत प्रशासन ने उस अनुरूप व्यवस्था भी की थी।
रविवार से ही सदर तहसील व कलेक्ट्रेट के एनआईसी व जनसुविधा केंद्र में इसकी व्यवस्था की गई थी लेकिन ब्लॉक स्तर पर मतगणना होने के कारण रविवार की दोपहर तक ब्लॉको के आरओ द्घारा परिणाम ही जिला मुख्यालय नही भेज गए जिस यहां मिलान व फीडिंग व प्रमाण पत्र वितरण का जो काम होना था वह नही शुरू हो सका।
जबकि क्षेत्रों से विजयी प्रत्याशी व उनके समर्थकों का जमावाड़ा सोमवार की भोर से ही शुरू हो गया था। इसकी जानकारी पाकर डीएम व प्रेक्षक जनसुविधा केन्द्र पहुंचें और अफसरों को फटकार लगाई यही नहीं डीएम इन्द्रवीर सिंह यादव ने 19 विकास खंडों के आरओ व बीडीओ को अभिलेखों को लेकर मुख्यालय तलब करने के निर्देश दिए।
डीएम के निर्देश पर सीडीओ शिवेन्द्र कुमार सिंह ने सभी अफसरों को जनसुविधा केन्द्र बुलाया देर शाम तक एक एक अफसर मुख्यालय आ रहे थे। जनसुविधा केन्द्र में सीडीओ अपनी निगरानी में अभिलेखों का मिलान व फीडिंग करा रहे थे। जबकि देर रात तक विजयी प्रत्याशी व समर्थक सदर तहसील में प्रमाण पत्रों को लेकर इंतजार करते देखे गए।
आयुक्त ने जताई नाराजगी
डीडीसी के परिणाम वेबसाइट पर समय से फीड न किए जाने पर आयोग ने गहरी नाराजगी जताई है। राज्य निर्वाचन आयुक्त एस.के अग्रवाल ने डीएम से मोबाइल पर वार्ता कर सुस्त कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और लापरवाह व सुस्त अफसरों पर कार्यवाही को कहा।
आयुक्त की नाराजगी के बाद डीएम ने सभी आरओ व बीडीओ को गणना पर्चियों व प्रारूप 10 एवं 11 के साथ मुख्यालय तलब किया। डीएम सीडीओ को निर्देश दिए कि गणना पर्चियों से अभिलेखों से मिलान के बाद ही परिणाम घोषित होंगे।
दो विकास खंडों में गणना को लेकर विलंब
डीडीसी के 16 पदों की गणना दो दो ब्लॉको में कराए जाने व ब्लॉक एवं पदों की संख्या अधिक होने के कारण परिणाम घोषित करने में विलंब हो रहा है। आरओ व बीडीओ को मुख्यालय बुलाकर अभिलेखों का मिलान फीडिंग का कार्य कराया जा रहा है। जल्द ही परिणाम घोषित कर प्रमाण पत्र वितरण शुरू कर दिया जाएगा।
-शिवेंद्र कुमार सिंह, निर्वाचन अधिकारी डीडीसी