सीतापुर। शहर के चांदी वाले हनुमान मंदिर के पास स्थित एक बैंक के एटीएम से पैसे निकालने के दौरान साइबर ठगों ने एक युवक का कार्ड बदल लिया। उसका पिन कोड जानकर 10 बार में एक लाख रुपये पार कर दिए। रुपये निकालने की जानकारी होने पर पीड़ित पिता के साथ पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
शहर कोतवाली इलाके के तरीनपुर निवासी प्रमोद कुमार ने बताया कि उनका पुत्र अभिषेक वर्मा इमलिया सुल्तानपुर इलाके के टिकरा जार निवासी उनकी बहन रेनू देवी के बैंक खाते से रुपये निकालने गया था। अभिषेक वर्मा शहर कोतवाली इलाके के चांदी वाले हनुमान मंदिर के पास स्थित एक बैंक के एटीएम को गया था। वहां रुपये निकालने के दौरान किसी ने मदद के नाम पर एटीएम कार्ड बदल लिया और उसका पिन कोड भी जान लिया।
इसके बाद अभिषेक वहां से चला गया। कुछ देर बाद उसे एसएमएस के जरिये जानकारी हुई, कि उसके खाते से रुपये निकाले गए हैं। जब तक वह कुछ कर पाता, तब तक 10 बार में साइबर ठगों ने उस खाते से एक लाख रुपए पार कर दिए। जानकारी मिलने पर उसने बैंक आदि से सूचना जुटाई। जिसके बाद बुधवार को उसने अपने पिता के साथ पुलिस के पास पहुंच जानकार दी। पुलिस ने मामले में जांच पड़ताल शुरू की है। कोतवाल टीपी सिंह का कहना है कि मामला प्रकाश में आया है। जांच कराई जा रही है। कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
एक महिला के बैंक खाते से एटीएम के जरिये रुपए निकालने का मामला प्रकाश में आने पर पुलिस घटना की जानकारी जुटाने में लगी है। जिस एटीएम से युवक रुपये निकालने गया था, उस एटीएम की सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम शुरू किया है। उस समय, उससे पहले और बाद में वहां कौन पहुंचा था, उसकी पहचान करने के बाद पुलिस साइबर ठगों तक पहुंचने का प्रयास करेगी। इसके लिए पुलिस टीम लगा दी गई है।