जहांगीराबाद/सीतापुर। जहांगीराबाद कस्बे में खंभे से उतरे करंट से एक मवेशी की मौत हो गई। जब पॉवर कॉर्पोरेशन का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं आया तो व्यापारियों ने दुकानें बंद करके प्रदर्शन किया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझा कर मवेशी का शव उठवाया। घटना के करीब 12 घंटे बाद भी विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हुई है जिससे आठ हजार की आबादी प्रभावित है।
जहांगीराबाद में पावर कॉर्पोरेशन के कर्मचारियों की लापरवाही से पहले भी कई मवेशियों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद विभाग आंख मूंदे है। मंगलवार को कस्बे में लगे विद्युत पोल में रात में करंट उतरने से मवेशी की मौत हो गई। सुबह नौ बजे तक जब कोई अधिकारी नहीं पहुंचा तो लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। दुकानें बंद कर व्यापारी भी इसमें शामिल हो गए।
सदरपुर थाने की पुलिस ने पहुंच कर मामला शांत करवाया। वहीं सीतापुर-बहराइच के व्यस्ततम मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के किनारे लगे खंभे में भी करंट आ रहा है। व्यापारियों ने बताया 12 घंटे बीत जाने के बाद भी विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हुई है जिससे करीब आठ हजार की आबादी प्रभावित है।