जिले की बैंकों में कैश किल्लत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को बैंकों में कैश पाने के लिए लोगों की लाइनें लगी रहीं। कहीं पर कैश मिला तो कहीं लोगों को खाली हाथ घर जाना पड़ा। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को कैश की दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सेवता कस्बा स्थित इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक में बुधवार सुबह से ही खाताधारक पहुंचने लगे। यहां शाखा खुलते ही लोग लाइन में लगाकर खड़े हो गए। जल्द कैश आने की बात पर लोग दोपहर तक इंतजार करते रहे लेकिन भुगतान नहीं हो सका। ग्रामीणों का कहना है कि यहां पर बैंककर्मी मनमानी कर रहे हैं।
रेउसा कस्बा स्थित इलाहाबाद बैंक में बुधवार को खाताधारकों को भुगतान किया गया। यहां पर अधिकतम दो हजार रुपये तक ही भुगतान किया जा रहा था। झरेखापुर व हरगांव स्थित इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक शाखाओं में लोगों को कैश के लिए मशक्कत करनी पड़ रही थी।
लहरपुर, महमूदाबाद, बिसवां, सिधौली, मिश्रिख, महोली, हरगांव आदि कस्बों में लोगों को भुगतान के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी। ग्रामीण क्षेत्रों में लगे एटीएम शोपीस बने नजर आए। वहीं जिला मुख्यालय पर स्टेट बैंक, इलाहाबाद बैंक आदि बैंकों की शाखाओं में ग्राहकों की भीड़ बुधवार को भी देखने को मिली। यहां पर खाताधारकों को अधिकतम 24 हजार रुपये तक भुगतान किया जाता रहा। जिला मुख्यालय पर 4 एटीएम चल रहे थे। इनमें 4500 रुपये तक कैश निकल रहा था।