फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

युवक को पीटने पर दरोगा व दो आरक्षी पर केस

Thu, 27 Apr 2017 11:36 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
दो सगे भाइयों के विवाद में पुलिस कर्मियों की गुंडई का मामला प्रकाश में आया है। एक युवक ने अपना ट्रैक्टर सगे भाई को बेच दिया था। जब उसने रुपये मांगे तो भाई ने मना कर दिया। आरोप है कि भाई ने रुपये देकर पुलिस से सांठगांठ कर ली।
विज्ञापन


इसके बाद पुलिस वालों ने युवक को घर से घसीट सड़क पर पीटा। उसे जबरन थाने उठा ले गए। वहां भी उसकी जमकर पिटाई की। विधायक ने इसकी शिकायत आला अधिकारियों से की तो आननफानन में दरोगा, दो आरक्षी सहित आठ लोगों के खिलाफ मछरेहटा थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। एएसपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मछरेहटा के सिसेडी गांव के एक मामले में मंगलवार को मछरेहटा पुलिस की गुंडई ने पूरे पुलिस महकमे को शर्मसार कर दिया। सगे भाइयों के विवाद में एक पक्ष से लेनदेन कर पुलिस कर्मियों ने एक दलित की घर से सड़क पर घसीट कर बेरहमी से पिटाई कर दी।
विज्ञापन


उसकी बेटी व पत्नी ने बचान किया तो पुलिसकर्मियों ने उनको भी नहीं बख्शा। इंतहा तब हो गई, जबकि पीटने के पुलिसकर्मी दलित को थाने ले गए और वहां मौजूद एक दरोगा ने भी उसको थप्पड़ों से जमकर पीट दिया।

इस मारपीट में पीड़ित के भाई भी शामिल रहे। मामला क्षेत्रीय विधायक तक पहुंचा तो उनके हस्तक्षेप से केस दर्ज हुआ। मछरेहटा थाने में एक दरोगा, दो आरक्षी सहित आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। एएसपी का कहना है कि दरोगा सहित तीनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। प्रकरण की जांच उनके द्वारा की जा रही है।

मछरेहटा थाना क्षेत्र के सिसेंडी गांव की विनीता पत्नी बृजलाल का कहना है कि उसके पति व पति के भाइयों के बीच ट्रैक्टर की खरीद के रुपयों को लेकर विवाद चल रहा था। इस मामले में उसके पति के भाई ट्रैक्टर खरीदने के बाद रुपये नहीं दे रहे थे।

जब उसके पति ने रुपये लेने के लिए दबाव डाला तो उसके भाइयों ने पुलिस से सांठगांठ कर ली। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने विपक्षियों से रुपये ले लिए। इसके बाद मंगलवार को बृजलाल को ही पकड़ने पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने बृजलाल को गालियां दी।

इसके बाद बृजलाल को घर से घसीट कर सड़क पर ले आए। फिर बेरहमी से उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान विपक्षी बलवंत, सुंदर, भानू, गया प्रसाद आदि भी उसे पीटने लगे। बृजलाल की पत्नी व बेटी बचाने दौड़ी तो उनकी भी पिटाई कर दी।

गांव में सार्वजनिक तौर पर बृजलाल को पीट कर दोनों पुलिसकर्मी उसे थाने ले गए। जहां फिर से उसकी पिटाई की। इस बीच वहां मौजूद दरोगा अरुण सिंह ने भी बृजलाल को पीटा। पुलिस की इस पिटाई से जख्मी बृजलाल के परिवार वालों ने क्षेत्रीय विधायक रामकृष्ण भार्गव से शिकायत की।

विधायक ने मामले की गंभीरता देखते हुए पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई करने को कहा। इस पर पुलिस ने दरोगा अरुण कुमार, आरक्षी पुष्पेंद्र सिंह यादव जगतराम सहित आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बृजलाल को मेडिकल परीक्षण कराया गया है। 

बृजलाल के साथ एक दरोगा व दो आरक्षियों द्वारा मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। मामले में दरोगा, दो आरक्षी सहित आठ लोगों के खिलाफ मछरेहटा थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। दरोगा व दोनों आरक्षियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस प्रकरण की वह जांच कर रहे हैं। -सुभाष चंद्र गंगवार, एएसपी दक्षिणी

दोषी पुलिस कर्मियों पर करें कार्रवाई
पुलिसकर्मियों द्वारा बृजपाल को पीटने का मामला संज्ञान में आया है। आला अधिकारियों को इस प्रकरण की जांच कर दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई करनी चाहिए। -रामकृष्ण भार्गव, विधायक मिश्रिख
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें