लहरपुर (सीतापुर)। किशनपुर निवासी राजू ने एसीजेएम कोर्ट प्रथम में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह एक अनपढ़ है। अपनी जमीन बेचकर 23 मार्च 2021 को एक्सिस बैंक शाखा, लहरपुर में बचत खाता खुलवाकर 90 हजार रुपये जमा करने गया था।
गांव के सचिन शुक्ला उसके साथ थे। आरोप है सचिन शुक्ला ने उसका खाता खुलवाया और 90 हजार रुपये लेने के बाद कहा कि सारे रुपये तुम्हारे खाते में जमा कर दूंगा। कुछ दिनों बाद जब उसने बैंक जाकर खाते की जानकारी ली तो उसके खाते में 49 हजार ही जमा मिले।
शिकायत करने पर सचिन ने रुपये जमा करने की बात कही। 14 फरवरी 2023 तक रुपये नहीं जमा करने पर पुलिस को ऑनलाइन प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर पुलिस ने सुलहनामा करवाते हुए कहा कि कुछ दिनों में सचिन शेष रुपये जमा कर देगा। इसके बावजूद सचिन ने रुपये जमा नहीं किए। कोतवाली प्रभारी विजयेंद्र सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपी सचिन के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है।