मिश्रिख (सीतापुर)। रंजीतपुर गांव में शनिवार को विषाक्त खाने से हुई पिंटू सिंह (40) की मौत के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जहर खाने के बाद युवक ने वीडियो बनाकर साथ में लुधियाना में मजदूरी कर रहे परिजनों पर मारपीट करने आरोप लगाया था।
गांव निवासी पिंटू सिंह की शनिवार को विषाक्त पदार्थ के सेवन से मौत हो गई थी। उन्होंने अपने फोन में एक वीडियो बनाकर बताया था कि वह कई वर्षों से लुधियाना में नौकरी करके अपने परिवार का जीवन यापन कर रहे थे। उनके साथ ही उनके चचेरे भाई व बहनोई भी मजदूरी करते थे। रुपयों के लेकर लेनदेन को लेकर आपस में मारपीट हुई थी।
घटना से परेशान होकर वह 29 मई को मिश्रिख स्थित अपने गांव चले आए। यहां आहत होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। पिंटू ने वीडियो बनाकर रंजीतपुर निवासी चचेरे भाई पंकज, बब्बू, ज्ञानी, रामशरण (बहनोई) पर मारपीट का आरोप लगाया था। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि पिंटू के पिता सुरेश सिंह की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है।