सीतापुर। शहर कोतवाली और खैराबाद थाना इलाकों में रविवार को उर्वरक गोदामों पर मारे गए छापेमारी नकली खाद फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया था। सोमवार को दोनों फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज करा दिया गया है। एक केा शहर कोतवाली तो दूसरा खैराबाद थाने में दर्ज कराया गया है। जिला कृषि अधिकारी अखिलानंद ने पांडेय ने दोनों मुकदमें लिखाए हैं।
एक गुप्त सूचना मिलने पर एसडीएम सदर अमित भट्ट व जिला कृषि अधिकारी अखिलानंद पांडेय ने शहर कोतवाली व खैराबाद इलाके में दो नकली खाद बनाने वाली फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया था। जिसमें खैराबाद थाना क्षेत्र के असोढर में मछरेहटा निवासी ज्ञानेश दीक्षित अवैध रूप से सल्फर खाद बनाते मिला था। मौके से 300 बोरी सल्फर, चांद छाप खाद के नकली रैपर मिले आदि मिले थे।
फैक्ट्री के अन्य कर्मचारी भाग निकले थे। इस मामले में सोमवार को जिला कृषि अधिकारी ने तहरीर देकर खैराबाद थाने में केस दर्ज करा दिया है। इसके अलावा दूसरी एफआईआर लखीमपुर रोड पर ग्राम खजुरिया गांव के बाहर चलती मिली अवैध खाद फैक्ट्री संचालक खजुरिया निवासी यतींद्र कुमार शर्मा के खिलाफ शहर कोतवाली में हुई है। यहां भी अवैध रूप से खाद बनाई जा रही थी।
छापा मारने वाली टीम को 1500 बाल्टी, आठ बोरी जैविक डीएपी बनी हुई मिली, 10 बोरी बायो डीएपी व 17 बोरी भरी हुई सुपर पोटैशियम फ्यूमेट आदि बरामद की गई थी। चार सौ रैपर के खाली गत्ते मिले थे। एसडीएम सदर ने बताया कि दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। कोतवाल अंबर सिंह का कहना है कि केस दर्ज किया गया है। खैराबाद पुलिस का भी कहना है कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।