अयोध्या सिंहपुरवा के मजरा सरावां में 17 मार्च से बौद्ध कथा चल रही थी। आरोप है कि कथा में देवी-देवताओं के खिलाफ अभद्र बयानबाजी की जा रही थी। शुक्रवार को हिंदू शेर सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास व कथावाचिका रमा भारती के बीच हुई वार्ता का एक ऑडियो भी वायरल हुआ। इसी क्रम में गांव निवासी अनिल सिंह, शिवम, अवनीश, शोभित ने एसपी को संबोधित तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि बिना अनुमति के चल रही कथा में लगातार देवी-देवताओं और मंदिरों का अपमान किया जा रहा है।
सीओ सदर दिनेश शुक्ल ने बताया कि भड़काऊ बयान, सार्वजनिक शांति और समाज में सद्भाव को बाधित करने की धाराओं में 26 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर धाराएं बढ़ाई भी जाएंगी।
छोटे-छाेटे गुटों में कराते हैं कथा
पुलिस का मानना है कि आरोपी छोटे-छोटे गुटों में बंटकर कथा करते हैं। दर्ज केस के मुताबिक कथावाचिका रमा भारती हरदोई के गांव शंकरपुर की रहने वाली है। रामजीवन, रंगीलाल, मुकेश कुमार, शंभू गौतम, राजेश गौतम, अश्वनी, वीरेश, गंगाराम, अनुज कुमार, कृतिभान, करन, संजय, गौतम, राजू, हरीश, अजयपाल, मनोहर लाल, रामजीवन, मदनलाल, विमलेश, विशाल, विनोद, धर्मेंद्र, रामू, मंगरे हरगांव के ही रहने वाले हैं।