सिधौली। कोतवाली क्षेत्र में पटरी दुकानदार के दो बच्चों के कार की चपेट में आकर घायल होने के मामले में आखिरकार पुलिस ने पांच दिन बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसमें जनता ढाबा संचालक के पुत्र आशी बग्गा व उसके तीन अज्ञात दोस्त शामिल हैं।
नरोत्तम नगर दक्षिणी निवासी छत्रपाल ने बताया कि 11 नवंबर को रात 10:30 बजे वह तहसील गेट के सामने दो बच्चे दुकान के सामान को समेट कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे तभी बड़े चौराहे की ओर से आई कार ने दोनों बच्चों को कुचल दिया था।
हादसे में दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गुमटी भी टूट गई थी। वहां मौजूद भीड़ ने गाड़ी सवार लड़कों को रोकना चाहा तो वह भाग गए। लोग चर्चा कर रहे थे कि उस गाड़ी में जनता ढाबा संचालक का पुत्र आशी बग्गा व उसके दोस्त थे। सब नशे की हालत में थे। अपराध निरीक्षक अखिलेश यादव ने बताया कि वाहन संख्या व उसके चालक आशी बग्गा संग दो से तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।