लहरपुर। कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई। इस हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी पीलीभीत से बहराइच में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।
बहराइच के मोतीपुर निवासी रंजीत (25), पीलीभीत के बीसलपुर निवासी अमित (27), मनोज (26), सुरेंद्र (27) व एक अन्य व्यक्ति के साथ कार से बरात में शामिल होने बहराइच जा रहे थे। लखीमपुर बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर खनियापुर गांव के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे बनी पुलिया से नीचे पानी भरे एक खड्ड में जा गिरी। ग्रामीणों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को ग्रामीणों की सहायता से एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नकहा जनपद खीरी भेजा। वहां हालत गंभीर देखकर सभी को ट्रॉमा सेंटर ओयल जनपद लखीमपुर खीरी रेफर कर दिया गया।