हरगांव। लखीमपुर-सीतापुर मार्ग स्थित बडेलिया गांव के पास शनिवार को लखीमपुर की तरफ से आ रही पिकअप में पीछे से कार टकरा गई। इस वजह से पिकअप पलट गई। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलाें को सीएचसी में भर्ती कराया।
खीरी कोतवाली क्षेत्र निवासी नरेंद्र सिंह (42) व मयंक त्रिपाठी (35) कार से सीतापुर की ओर जा रहे थे। लखीमपुर-सीतापुर मार्ग पर बडेलिया स्थित आर्यावर्त बैंक के पास हाईवे पर शनिवार सुबह पिकअप से टकरा गए। यह पिकअप आम लादकर सीतापुर जा रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप सड़क पर ही पलट गई। कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार सवार नरेंद्र सिंह व मयंक त्रिपाठी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर तत्काल घटनास्थल पर पहुंची हरगांव पुलिस ने घायलों को सीएचसी हरगांव में भर्ती कराया। वहां उनका उपचार जारी है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
जख्मी युवक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
रेउसा(सीतापुर)। खीरी के सैनापुर गांव निवासी सोनू सिंह (25) बृहस्पतिवार को मांगलिक कार्यक्रम में जाते समय थानगांव में सड़क हादसे का शिकार हो गए थे। उन्हें गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया था। वहां से चिकित्सकों ने लखनऊ स्थित ट्राॅमा सेंटर रेफर किया था। उपचार के दौरान सोनू ने शनिवार को दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।