जेल प्रशासन का कहना है कि उसकी मौत हार्ट अटैक से हुई है। बंदी लखीमपुर जिले का निवासी बताया था, जो हत्या के मामले में बीते साढ़े चार वर्ष से बंद था।
खीरी थाना क्षेत्र के ग्राम अतकोना निवासी नरेंद्र कुमार (45) 4 सितंबर 2011 को जिला कारागार में भेजा गया था। उसके ऊपर महोली कोतवाली क्षेत्र में हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज था। बुधवार दोपहर अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। जेल के सिपाही सिद्धि नाथ व कमल कुमार बंदी को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर भागे।
रास्ते में नरेंद्र कुमार ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में जेलर हरीश कुमार ने बताया कि नरेंद्र को दिल का दौरा पड़ा था। घटना की सूचना उसके परिवार को भेज दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।