सीतापुर। जिला अस्पताल आने वाले गंभीर मरीजों को जल्द ही जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। जिला अस्पताल के नए भवन में क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण तेजी से चल रहा है। करीब आधा काम पूरा हो गया है। तीन माह के अंदर इसे पूरा कर लेने का लक्ष्य है। इस यूनिट के बन जाने से रोजाना अस्पताल से रेफर हो रहे 8-10 मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।
सिविल लाइन इलाके में करीब 13 बीघा पर जिला अस्पताल के नए भवन का निर्माण चल रहा है। इस अस्पताल परिसर में ही क्रिटिकल केयर यूनिट भी बनाई जा रही है। इस यूनिट के जरिये गंभीर मरीजों को भर्ती किया जाएगा। मरीजों को जांच के साथ ही दवा की भी सुविधा मिलेंगी। इस तरह की मौजूदा समय में जिला अस्पताल में कोई यूनिट नहीं चल रही है। इससे रोजाना 8 से 10 गंभीर मरीज मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर किए जाते हैं।
कई बार लखनऊ पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो जाती है। इस यूनिट में हृदय रोग, किडनी, लिवर, सर्जरी सहित अन्य बीमारियों से ग्रसित मरीजों का इलाज किया जाएगा। राजकीय निर्माण निगम भवन को बना रही है। यूनिट का आधा काम पूरा हो गया है। तीन माह के अंदर निर्माण पूरा हो जाएगा। अवर अभियंता अविनाश गौतम ने बताया कि दूसरी किस्त जल्द आने वाली है। इससे शेष निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा।
एक साथ भर्ती हो सकेंगे 50 मरीज
क्रिटिकल केयर यूनिट में मरीजों के लिए वेटीलेंटर, ऑक्सीजन, एंजियोग्राफी सहित तमाम सुविधाएं रहेगी। शुरुआती चरण में इसे 50 बेड का बनाया जा रहा है। इसके लिए लखनऊ से प्रशिक्षित स्टॉफ की तैनाती की जाएगी। यह 24 घंटे सक्रिय रहेगा। स्वास्थ्य विभाग का कहना है जरूरत के अनुसार इसकी क्षमता भी बढ़ाई जा सकेंगी।
जल्द पूरा होगा निर्माण कार्य
क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण तेजी से चल रहा है। उम्मीद है जल्द ही बनकर तैयार हो जाएगा। इससे मरीजों को इलाज कराने में काफी फायदा मिलेगा।
डॉ. सुरेश कुमार, सीएमओ