थानगांव-राजपुर मार्ग पर निर्माणाधीन इसी पुलिया से गिरे थे श्रवण। - संवाद
सीतापुर। थानगांव के कटोलिया मजरा नसीरपुर देवरिया निवासी श्रवण बाजपेयी (42) का खून से लथपथ शव सोमवार सुबह थानगांव-राजपुर मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया में पड़ा मिला। परिजनों व ग्रामीणों ने शव मिलने के बाद हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा किया। हालांकि पुलिस के समझाने पर परिजन शांत हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार श्रवण बाजपेयी रविवार शाम पांच बजे जरूरी काम बताकर घर से निकले थे। वह देर रात तक घर नहीं लौटे। उनका मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया। परिजनों ने रात भर उनकी तलाश की। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने पुलिया के खड्ड में श्रवण की बाइक व खून से लथपथ शव पड़ा देखा।
ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों के अनुसार उनकी जेब से मोबाइल भी नदारद मिला। परिजनों ने सबसे पहले हत्या की आशंका जताई। ग्रामीणों के साथ परिजनों ने हंगामा भी काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाया। इंस्पेक्टर थानगांव विमल गौतम ने बताया कि यह एक दुर्घटना है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच की जा रही है।
निर्माणाधीन पुलिया से छह फीट गहरे खड्ड में गिरा व्यापारी
पुलिस के अनुसार ऐसा अंदेशा है कि श्रवण बाजपेयी देर रात घर लौटने के दौरान निर्माणाधीन पुलिया के पास से गुजरे होंगे। वहां उनकी बाइक फिसलकर छह फीट गहरे खड्ड में गिर गई। पुलिया के नीचे की जमीन कड़ी है। इसी से टकराकर उनकी मौत हो गई। पुलिस ने व्यापारी की जेब से 3300 रुपये बरामद किए हैं।