सेवता। रेउसा में शुक्रवार सुबह कोहरे के कारण एक रोडवेज बस और ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बस में सवार दो यात्री घायल हो गए, उन्हें सीएचसी रेउसा में भर्ती कराया गया। बस में 60 यात्री सवार थे।
अटल चौक के पास हनुमान मंदिर पर बस का ठहराव है। शुक्रवार सुबह बहराइच से सीतापुर जा रही रोडवेज बस (यूपी 46 टी 5278) रेउसा के अटल चौक पर एक ट्रक से टकरा गई। ट्रक लकड़ी लादकर महमूदाबाद की तरफ से आ रहा था। वहीं रोडवेज बहराइच से सीतापुर आ रही थी। रेउसा चौराहे पर हनुमान मंदिर स्थित स्टॉपेज पर रुकने से पहले ही बस की ट्रक से टक्कर हो गई।
हादसे में बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हादसे में बस सवार बहराइच के हरदी थाना क्षेत्र के रेहुवा मंसूर निवासी मनोरानी (40) व उनका भाई अटल बिहारी (35) घायल हो गए। वहीं बाकी सवारियों को मामूली चोटें आईं हैं।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेउसा में भर्ती कराया। रेउसा थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक नागेंद्र पांडेय ने बताया कि परिवहन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घायलों का सीएचसी में इलाज चल रहा है। अन्य यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।