हैदराबाद विश्वविद्यालय में एक छात्र के आत्महत्या किए जाने के मामले में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने शनिवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की शव यात्रा निकाली। उसके बाद लालबाग चौराहे पर उनका पुतला फूंका और उनसे इस्तीफे की मांग की।
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के आह्वान पर छात्र व कांग्रेस कार्यकर्ता लालबाग पार्क में एकत्र हुए। जहां से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की लालबाग चौराहे तक शव यात्रा निकाली और उनके खिलाफ नारे लगाते हुए वहीं पर उनका पुतला फूंका।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनीत दीक्षित, प्रदेश महासचिव रमेश निषाद, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ल ने कहा कि विश्वविद्यालय के छात्र रोहित बेमुला के आत्महत्या के मामले में स्मृति ईरानी ने बेतुका बयान दिया है।
उनको इस तरीके की बयानबाजी से परहेज करना चाहिए। इससे छात्रों के साथ समाज में भी रोष व्याप्त है। दलित समाज बहुत ही आहत है।
इसलिए केंद्रीय मंत्री को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। इस मौके पर संतोष भार्गव, संजय कुमार, राजेंद्र निगम, अनुज चौहान, अखिलेश बाजपेई, प्रकाश अगिभनहोत्री आदि मौजूद रहे।