बिसवां। इलाके के मंगरहिया बाजार निवासी सराफा संत सहारे ने एक अन्य कारोबारी पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
मंगरहिया निवासी संत सहारे की हजीरा में सोने चांदी की दुकान है। पीड़ित ने बताया कि वह अपने पिता व भाइयों की अनुपस्थिति में मंगलवार शाम दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान विपक्षी देवी शंकर व रामशंकर की दुकान के सामने स्थित सर्राफा दुकान के नौकर ने पीड़ित की दुकान पर खड़े ग्राहक को आवाज देकर अपने पास बुला लिया। जब विपक्षी के नौकर को ऐसा करने से मना किया तो विपक्षी देवी शंकर व रामशंकर उनकी दुकान के अंदर घुस आए। दोनों ने अपशब्द कहते हुए उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
आरोप लगाया कि विपक्षियों ने इसके बाद उनका कांटा बाट सभी कुछ उठाकर फेंक दिया। आरोपियों के हमले की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद है। इंस्पेक्टर मुकुल वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर देवी शंकर, राम शंकर व कैलाश कुमार के विरुद्ध केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। (संवाद)