सीतापुर। जिले में अवैध प्लॉटिंग और बिना मानचित्र स्वीकृत कराए कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। डीएम के निर्देश पर शहर के नैपालापुर में विनियमित क्षेत्र में बिना लेआउट स्वीकृत कराए विकसित की जा रही पुष्पा ग्रीन सिटी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इस दौरान कॉलोनी में अवैध रूप से बनाई गई सड़कों और अन्य निर्माण कार्य को ढहाया गया।
नैपालापुर में जगदीश जगवानी की ओर से करीब 15 बीघा क्षेत्रफल में प्लाॅटिंग की जा रही थी। इसके लिए यहां प्लॉट काटे गए थे और आरसीसी का निर्माण भी कराया गया था।
हालांकि प्लॉटिंग के लिए ले आउट पास नहीं कराया गया था। इसकी जानकारी होने पर जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार व सिटी मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पांडेय के आदेश पर विनियमित क्षेत्र के अवर अभियंता एमके मिश्रा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की। इस कार्रवाई से अवैध रूप से प्लॉटिंग कर जमीन बेचने वालों में खलबली है।