आचार संहिता उल्लंघन करने वालों के खिलाफ शनिवार को भी पुलिस व प्रशासनिक टीम सख्त दिखी। कोतवाली पुलिस ने पूर्वमंत्री व बसपा विधायक रामहेत भारती का प्रचार वाहन सीज कर दिया। यातायात पुलिस ने एक जिला पंचायत सदस्य की गाड़ी से बसपा का झंडा उतरवाया और गाड़ी में लगी काली फिल्म भी हटवा दी।
लखीमपुर के दो अधिकारियों की गाड़ियों से नीलीबत्ती उतरवा कर उनका चालान किया गया। पुलिस ने 36 वाहनों का चालान कर दिया। दो वाहन सीज किए गए। पुलिस ने जुर्माना भी वसूला है। तंबौर पुलिस ने कस्बे में पैदल रूट मार्च भी किया।
चुनाव आचार संहिता उल्लंघन रोकने के लिए पुलिस व प्रशासनिक अफसरों ने शनिवार को भी पूरे जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया। कोतवाल परशुराम सिंह ने पूर्वमंत्री व बसपा विधायक रामहेत भारती के प्रचार वाहन को सीज कर दिया।
इस वाहन में बैनर, पोस्टर लगाकर चुनाव प्रचार किया जा रहा था। इसके अलावा यातायात पुलिस ने बसपा नेता व जिला पंचायत सदस्य परसेंडी निवासी शाकिर की गाड़ी से बसपा का झंडा उतरवाने के साथ ही गाड़ी से काली फिल्म भी हटवा दी।
हरगांव पुलिस ने चेकिंग अभियान में लखीमपुर के अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मातादीन व जिला प्रबंधक सत्यपाल सिंह की प्राइवेट कार में लगी नीली बत्ती उतरवा दी। साथ ही चालान भी कर दिया। कोतवाली पुलिस व यातायात पुलिस ने 36 वाहनों का चालान कर दिया। साथ ही दो वाहन सीज किए। यातायात पुलिस ने करीब दो हजार जुर्माना भी वसूला है।
शनिवार को डीएम कार्यालय के पास नीली बत्ती लगी कार की फोटो उतारते ही मातहत सकते में आ गए। पता चला कि कार डीआईजी स्टांप लालबिहारी यादव की है। कुछ देर बाद डीआईजी स्टांप ने स्वयं नीलीबत्ती उतार ली।