बिसवां (सीतापुर)। खैराबाद बाईपास पर ब्रिज कॉरपोरेशन द्वारा निर्माण के दौरान बीएसएनएल का ओएफसी (ऑप्टिकल फाइबर केबल) कट गया। इससे सिधौली, बिसवां, महमूदाबाद और खैराबाद में बीएसएनएल की सेवाएं ध्वस्त रहीं। करीब पांच घंटे कड़ी मशक्कत के बाद बाधित संचार सेवा बहाल हो सकी।
केबल कटने से सरकारी तथा निजी दफ्तरों व प्रतिष्ठानों के कामकाज पर असर पड़ा। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बीएसएनएल की संचार सेवार सोमवार रात तक दुरुस्त थीं। मंगलवार भोर खैराबाद बाईपास पर निर्माण कार्य के दौरान बीएसएनएल का ओएफसी क्षतिग्रस्त हो गया।
इससे सिधौली, बिसवां, महमूदाबाद और खैराबाद इलाके में बीएसएनएल सेवाएं ठप हो गईं। उपभोक्ताओं के सेलफोन पर शोपीस बनकर रह गए। शुरुआती दौर में तो लोग कुछ समझ नहीं पाए, लेकिन जब काफी समय तक उनके फोन पर कोई कॉल नहीं आई तो निगम के जिम्मेदारों से जानकारी की गई।
इस पर लोगों को ओएफसी कटने का पता चला। सीयूजी नंबर बंद होने से सबसे अधिक परेशानी सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों को उठानी पड़ी।
बीएसएनएल उपभोक्ता राकेश यादव, विवेक सिन्हा, विशाल विक्रम सिंह, साधना गुप्ता, अंगी गुप्ता, मोहित जायसवाल, अभिषेक अग्रवाल, पुनीत भल्ला का कहना है कि आये दिन बीएसएनएल नेटवर्क बाधित रहता है।
अगर जल्द ही समस्या से निजात नहीं मिली तो मोबाइल कंपनी बदलने पर विवश होंगे। उधर, दूरसंचार के जिला प्रबंधक हसन रशीद ने बताया कि खैराबाद बाईपास पर ब्रिज कॉरपोरेशन द्वारा किये जा रहे निर्माण कार्य के चलते बीएसएनएल का ओएफसी कट गया है। कुछ घंटों में इसे दुरुस्त कर लिया गया है।