हादसे में मृत विपिन की फाइल फोटो, सीएचसी में भर्ती पत्नी नीलम व बिलखते परिजन। संवाद
महोली। नेरी पेट्रोल पंप के पास नेशनल हाईवे पर मंगलवार को ट्रक से बाइक में पीछे से टक्कर लगने से तीन लोग छिटककर सड़क पर गिर गए। ट्रक उनको रौंदता हुए निकल गया। हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई और भाभी गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
पिसावां के टिपिकापुर गांव निवासी विपिन कुशवाहा (22) मंगलवार को बहन राखी (14) व पत्नी नीलम (20) के साथ बाइक से नेवादा (नेरी) जा रहे थे। पेट्रोल पंप के निकट पहुंचते ही ट्रक से बाइक में पीछे से टक्कर लग गई। इससे तीनों लोग सड़क पर गिर गए। ट्रक विपिन व राखी को रौंदते हुए निकल गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, नीलम घायल हो गईं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से नीलम को सीएचसी पिसावां भेजा। वहां से उनको जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इंस्पेक्टर जेबी पांडेय ने बताया कि मौके पर हेलमेट नहीं मिला है। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत मौके से भाग गया। सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसकी तलाश की जा रही है।
दो माह पहले ही हुआ था विपिन का विवाह
हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि बीते 10 मार्च को ही मोहम्मदी के पकरिया गांव निवासी नीलम के साथ विपिन का विवाह हुआ था। मंगलवार को विपिन पत्नी व बहन को लेकर नेवादा स्थित एक धार्मिक स्थल पर जा रहे थे। पति व ननद को ट्रक से कुचलते देख नीलम बदहवास हैं। जिला अस्पताल में भर्ती नीलम को परिजन संभाल रहे हैं।
हादसे में मृत विपिन की फाइल फोटो, सीएचसी में भर्ती पत्नी नीलम व बिलखते परिजन। संवाद