महमूदाबाद। सदरपुर क्षेत्र के लोनी शमसाबाद गांव में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 14 वर्षीय बालक की मौत के बाद आक्रोश फैल गया। मंगलवार शाम परिजन व ग्रामीण बिलौली बाजार चौराहे पर पहुंच गए। महमूदाबाद-बिसवां मार्ग पर जाम लगाने का प्रयास किया।
पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क से हटाया। करीब एक घंटे तक चली वार्ता के बाद मुआवजे और कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर ग्रामीण शांत हुए। लोनी शमसाबाद निवासी पूरनमल का 14 वर्षीय पुत्र दिलीप कुमार सोमवार को गांव के पूरब स्थित खेत में धान की बालियां बीनने गया था। इसी दौरान खेत में पड़े हाईटेंशन बिजली लाइन के तार की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर लौट रहे परिजन और ग्रामीण बिलौली बाजार चौराहे पर जाम लगाने के लिए पहुंच गए। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव वाहन को सरैंया चौराहे से दूसरे रास्ते की ओर मोड़ दिया। कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को सड़क से हटाकर शमसाबाद मोड़ के पास खाली जगह पर बैठाया और बातचीत शुरू की।
इस दौरान महिलाओं और पुलिसकर्मियों के बीच धक्कामुक्की और झड़प भी हुई। अधिशासी अभियंता महमूदाबाद एसके वर्मा ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद मुआवजे सहित अन्य कार्रवाई की जाएगी।