सरैंया। रामकुंड चौराहे पर लगने वाली लेबर मंडी और अस्पताल रोड पर संचालित सब्जी मंडी को स्थानांतरित करने की मांग उठी है। नगर पालिका परिषद महमूदाबाद के नामित सभासदों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दोनों मंडियों को पूर्व में चिह्नित स्थान पर शिफ्ट कराने की मांग की है।
नामित सभासद आशुतोष बाजपेई 'अनल' के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि रामकुंड चौराहे पर प्रतिदिन सुबह लेबर मंडी लगने से जाम की स्थिति बन जाती है। इससे स्कूल जाने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। चौराहे के आसपास कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान और मंदिर स्थित हैं। सुबह के समय विद्यार्थियों, शिक्षकों, महिला शिक्षिकाओं, अभिभावकों तथा स्कूल वैन और बसों की आवाजाही के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।
सभासदों ने बताया कि प्रशासन पहले ही लेबर मंडी को बरदही बाजार रोड पर चिन्हित स्थान पर स्थानांतरित करने का आदेश दे चुका है। इसके बावजूद मंडी अब भी रामकुंड चौराहे पर लग रही है। इससे जाम की समस्या बनी रहती है और विद्यार्थियों की सुरक्षा पर भी असर पड़ता है।
सभासदों ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए रामकुंड चौराहे से लेबर मंडी और अस्पताल रोड से सब्जी मंडी को हटाकर बरदही बाजार रोड पर निर्धारित स्थान पर संचालित कराने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में कालिका प्रसाद श्रीवास्तव, शिवपाल रावत और किरन यादव शामिल रहे।